रायबरेली। मिल एरिया थाने और एसओजी की टीम ने ट्रक चोर गैंग के आठ शातिरों को गिरफ्तार किया गया है। उनसे चोरी के दो ट्रक, सरिया व अन्य सामान बरामद हुआ है।
उन्होंने कबूला कि उन्नाव समेत कई जिलों में चोरी की कई वारदातें कर चुके हैं। पकड़े गए सभी शातिर उन्नाव निवासी हैं। एसपी श्लोक कुमार ने शुक्रवार को किरण हाल में बताया कि यह गैंग ऐसे कंस्ट्रक्शन साइट या दुकानों को चिह्नित करते हैं, जिनमें सरिया व अन्य निर्माण सामग्री बाहर पड़ी रहती है।
वहां से मौका पाकर सरिया चोरी कर लेते थे। मिल एरिया क्षेत्र से चोरी किए दो ट्रक व 33 क्विंटल सरिया बरामद हुआ है। इसमें 13 क्विंटल मिल एरिया थाना क्षेत्र से चोरी किया हुआ था। बाकी उन्नाव से चुराया गया था।
एसपी ने बताया कि शातिरों ने प्रदेश के अन्य जनपदों में भी ऐसी घटना करने की बात कबूली है। पकड़े गए शातिरों में उन्नाव जिले के पुरवा थाना क्षेत्र के रामा अमारापुर निवासी दिलीप कुमार, मौरांवा थाना क्षेत्र के बकरपुर निवासी रंजीत यादव, असोहा थाना क्षेत्र के छंगाखेड़ा निवासी पवन कुमार, सोहरामऊ थाना क्षेत्र के नेवाजखेड़ा निवासी राजदीप यादव, असोहा थाना क्षेत्र के रानीपुर निवासी सुनीत कुमार, सोहरामऊ थाना क्षेत्र के शेपुर निवासी जयदीप यादव, प्रदीप यादव व मेवालाल शामिल हैं।