खीरों/गदागंज (रायबरेली)। पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही किसानों की मेहनत पर पानी फेर रही है। शॉर्ट सर्किट की वजह से तैयार खड़ी फसल राख हो रही है।
खीरों में देवगांव व कुटकुरी के बीच दो किसानों के खेतों में गुरुवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देवगांव निवासी शिब्बू सिंह व कुटकुरी निवासी राम बहादुर कुशवाहा के खेतों से हाईटेंशन लाइन गुजरी है।
हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से राम बहादुर कुशवाहा के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। आग ने शिब्बू सिंह के खेतों में कटे गेहूं के बोझ को भी अपनी चपेट में ले लिया।
जब तक ग्रामीण विद्युत लाइन बंद कराकर आग बुझाते, तब तक राम बहादुर कुशवाहा और शिब्बू सिंह के खेतों की करीब एक बीघा फसल जल गई।
दोनों किसानों का लगभग 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पावर कॉर्पोरेशन के उपखंड अधिकारी खीरों कैलास यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। जांच कराकर किसानों को मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
उधर, दीनशाह गौरा ब्लॉक क्षेत्र में भी आए दिन आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। गौरा के हरदासीपुर विशुनदासपुर गांव में हाईटेंशन लाइन में स्पार्किंग की वजह से उठी चिंगारी से गेहूं की फसल जल गई।
लपटों ने गांव के रहने वाले अशोक कुमार त्रिवेदी की लगभग दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। क्षेत्रीय लेखपाल ने घटनास्थल पर पहुंच कर जांच की है।