रायबरेली। शहर के गोविंद नगर मोहल्ले में सोमवार को रूई की फैक्टरी में आग लग गई। इससे अफरातफरी मच गई। जब तक आग को काबू में किया जाता, तब तक लाखों कीमत की रूई जल गई। बिजली की शार्ट-सर्किट से आग लगने की वजह बताई जा रही है। दमकल के जवानों ने मौके पर पहुंचकर आग को काबू में किया।
गोविंद नगर मोहल्ले में इसरार की रूई फैक्टरी है। सोमवार दोपहर बाद अचानक रूई फैक्टरी से तेज लपटें निकलने लगीं। यह देख आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। देखते ही देखते रूई फैक्टरी में काम करने वाले कर्मी भी भाग खड़े हुए।
जानकारी होने पर सदर कोतवाली पुलिस के अलावा दमकल के जवान मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद आग को बुझा दिया गया। आग से दो लाख से ज्यादा के नुकसान होने की बात कही जा रही है। सदर कोतवाल अतुल सिंह ने बताया कि शार्ट-सर्किट के चलते आग लगी थी।