राही (रायबरेली)। थाना क्षेत्र भदोखर में लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित भांव गांव के पास रविवार रात दर्दनाक हादसा हुआ। बेकाबू ट्रक की टक्कर से दो कारें खड्ड में जा गिरीं। इससे दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हुए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां दो लोगों ने दम तोड़ा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतक प्रयागराज में रेलवे में ठेकेदारी का काम करते थे।
प्रयागराज जिले के कीडगंज निवासी शैलेंद्र पांडेय (52), संतरविदासनगर जिले के औराई थाना क्षेत्र के औरंगाबाद निवासी धीरेंद्र सिंह (36) के अलावा मिर्जापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र के गोगांव निवासी रविशंकर सिंह, मिर्जापुर जिले के पडरी थाना क्षेत्र के नानूपुर गांव निवासी राजेंद्र द्विवेदी कार से प्रयागराज से लखनऊ की तरफ जा रहे थे। इसी बीच रायबरेली शहर से प्रयागराज की तरफ जा रहे बेकाबू ट्रक ने भांव गांव के पास कार में टक्कर मार दी जिससे सभी लोग कार समेत खड्ड में जा गिरे।
इसी दौरान रायबरेली शहर के गोरा बाजार निवासी अनुज सिंह भी कार लेकर पहुंच गया। ट्रक की टक्कर से अनुज भी कार समेत खड्ड में जा गिरा। टक्कर तेज होने के चलते दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। कारों पर सवार सभी लोग घायल हो गए।
हादसे की जानकारी होते ही थानेदार यशवंत यादव ने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां शैलेंद्र पांडेय व रविशंकर की मौत हो गई। घटना की जानकारी मृतक के परिवारीजनों को दे दी गई है। गंभीर रूप से घायल धीरेंद्र को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
सीओ सदर वंदना सिंह ने बताया कि भदोखर क्षेत्र में हाईवे पर बेकाबू ट्रक की टक्कर से कार सवार दो लोगों की मौत हुई है जबकि हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर लिया गया है।