इन्हौना (रायबरेली)। अमेठी जिले के सिंहपुर ब्लॉक क्षेत्र में किसान कल्याण केंद्र खोला जाएगा। इसके निर्माण में करीब 80 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह केंद्र खुल जाने से किसानों को हर सुविधा यहीं पर मिलेगी। निर्माण कार्य के लिए नामित कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता की देखरेख में भवन के लिए चिह्नित जमीन का निरीक्षण किया गया। भूमि का रेखांकन भी किया गया।
सिंहपुर ब्लॉक मुख्यालय के निकट इन्हौना-रायबरेली मार्ग के किनारे सीएचसी सिंहपुर के बगल में किसान कल्याण केंद्र भवन के लिए जमीन चिह्नित की गई है। किसान कल्याण केंद्र में ही किसानों को कृषि बीज भंडार की सेवाओं के साथ ही कृषि रक्षा तथा तकनीकी ज्ञान भी मिलेगा।
राजकीय बीज गोदाम पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट है जो भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। वर्तमान में राजकीय बीज गोदाम और कृषि रक्षा का काम इसी जर्जर भवन से संचालित हो रहा है। जर्जर भवन होने के चलते भंडारित की जाने वाली सामग्री खराब हो जाती है। लोगों के बैठने तक की व्यवस्था नहीं है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
किसानों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए 80 लाख रुपये की लागत से किसान कल्याण केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। राजकीय बीज भंडार प्रभारी डॉ. पवन वर्मा ने बताया कि नए भवन के निर्माण के लिए राशि आवंटित हो गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। उन्होंने बताया कि भवन का निर्माण पूरा होने के बाद किसानों को यहां पर हर सुविधा मिलने लगेगी।