रायबरेली। नारदर्न रेलवे मेंस यूनियन ने शनिवार को शाखा कार्यकारिणी की बैठक के दौरान रेलकर्मियों के मेधावी बच्चों को सम्मान से नवाजा। उन्हें मेडल और प्रशस्ति पत्र देने के साथ ही नकद पुरस्कार दिया गया। इस दौरान 43 बच्चों में एक लाख रुपये से अधिक धनराशि वितरित की गई।
कार्यक्रम में हाईस्कूल, इंटर, स्नातक, तकनीकी शिक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। किसी को पांच हजार तो किसी को तीन और दो हजार रुपये की नकद धनराशि दी गई।
यूनियन के सहायक मंडल मंत्री एवं मंडल युवा प्रभारी सुधीर तिवारी ने कहा कि संगठन की कामना है कि भविष्य में ये बच्चे अधिक ऊंचाइयों पर पहुंचें। अपनी मेधा और प्रतिभा से रेल परिवार का नाम रोशन करें।
शाखा अध्यक्ष जावेद मसूद ने कहा कि रेल कर्मियों के इन मेधावी बच्चों को सम्मानित करते हुए आज संगठन गौरवान्वित महसूस कर रहा है। शाखा मंत्री देव कुमार ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर राकेश तिवारी, टी. इस्लाम, सुभव श्रीवास्तव, रवि रंजन, राकेश कुमार, शिवानाथ, शील कुमार सिंह, राम शंकर, अरुण कुमार, विजय, अलताफ अहमद, निर्मल वाजपेयी, राजू श्रीवास्तव, देेवेंद्र तिवारी, राजकुमार, श्याम लाल, जगदेई, पूजा, विवेक, दिनेश आदि मौजूद रहे।
जल्द तय की जाएगी आंदोलन की रणनीति
बैठक में सभी ने संकल्प लिया कि यदि रेल परिसंपत्तियों का निजीकरण हुआ तो संगठन आंदोलन करेगा। रेल कर्मी डरने वाले नहीं है। यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि रेल और देश बचाने के लिए गठित संघर्ष समिति की बैठक बुलाकर संघर्ष की रणनीति तय की जाएगी।