जिला अस्पताल में तैनात एक डॉक्टर की विदेशी पत्नी अचानक लापता हो गई है। शहर कोतवाली में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने रविवार को चिकित्सक के एक करीबी युवक को हिरासत में ले उससे घंटों पूछताछ की। चिकित्सक ने युवक पर पत्नी को ले जाने का संदेह जताया था।
पुलिस की मानें तो विदेशी पत्नी अपने साथ ज्वैलरी, नकदी और वीजा ले गई है। चिकित्सक ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी 19 जनवरी को घर से लापता हो गई है। खोजबीन के बावजूद महिला नहीं मिली तो मामला पुलिस के पास पहुंचा।
इस मामले की जांच किला बाजार चौकी इंचार्ज इंसाफ अली को सौंपी गई है। पुलिस के मुताबिक चिकित्सक ने तहरीर में कहा है कि उसके घर के पास एक युवक रहता है, जिसका उसके घर आना जाना है। संदेह है कि वही उसकी रशियन पत्नी को ले गया है।
इस पर पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया और घंटों पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ में युवक ने बताया कि वह लखनऊ में एक मोबाइल कंपनी में काम करता है। जिस समय महिला घर से गायब हुई, वह उस समय लखनऊ में था।
वह चिकित्सक की पत्नी के बारे में नहीं जानता। मामले के विवेचक इंसाफ अली के मुताबिक चिकित्सक की पत्नी तजाकिस्तान के अलमार्ट की रहने वाली है। डॉक्टर ने पत्नी पर ज्वैलरी, नकदी व वीजा भी ले जाने की बात कही है।
जांच में यह भी बात सामने आई है कि विदेशी महिला का वीजा जून 2017 तक का है। वीजा समाप्त होने के एक माह पहले फिर से वीजा के लिए आवेदन किया जा सकता है। महिला के दो बच्चे भी हैं। बच्चे डॉक्टर के पास हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द डॉक्टर पत्नी को खोज निकाला जाएगा।