डीह (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में मंगलवार को वैवाहिक कार्यक्रम में बरातियों ने गर्म पूड़ी न मिलने पर जमकर हंगामा मचाया। हलवाई की पिटाई कर दी।
जब घरातियों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट की। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची। लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया।
थानाध्यक्ष पंकज सोनकर ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस टीम गई थी, लेकिन दोनों पक्षों ने सुलह कर ली। यदि तहरीर मिलती है, तो कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पूरे गोसाईं मजरे डीह गांव में गुरुबख्शगंज से बरात आई थी। बरात पहुंचने पर घरातियों ने सभी का स्वागत सत्कार किया। द्वारचार के समय खाना खाने के दौरान गर्म पूड़ी न मिलने पर बराती खफा हो गए और हंगामा करने लगे।
खाना बना रहे कारीगर की पिटाई कर दी। जब कुछ घराती कारीगर के बीच-बचाव में आए तो गुस्साए बरातियों ने उनकी भी पिटाई कर दी। मारपीट की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची। इस पर बराती भाग गए। सुबह दोनों पक्षों ने आपस में सुलह कर ली।