डीह (रायबरेली)। सलोन कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिवारीजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस करंट लगने से युवक की मौत होने की बात कह रही है।
सलोन क्षेत्र के बघौला गांव निवासी रामदेव ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसका नाती जितेंद्र उर्फ कल्लू गांव के ही एक टेंट हाउस में काम करता था।
13 मई को नाती को टेंट मालिक बुलाकर कहीं ले गया था। शनिवार की सुबह टेंट मालिक बेटे का शव लेकर आए और घर पर छोड़कर भाग गए।
आरोप है कि टेंट मालिक समेत अन्य लोगों ने उसके नाती की हत्या की है। मामले में कार्रवाई की जाए। कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
नसीराबाद थाना क्षेत्र में टेंट लगाते समय करंट लगने से युवक की मौत की बात सामने आ रही है। नसीराबाद पुलिस से मामला दिखवाने की बात कही गई है।