डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के पखरामऊ गांव में बुधवार रात नशे में धुत रामराज ने पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश की। महिला के बेटे मुकेश कुमार ने ग्रामीणों के साथ मिलकर किसी तरह आग बुझाई। आग बुझाने में मुकेश भी झुलस गया। गंभीर रूप से 70 फीसदी झुलसी महिला को सीएचसी सेे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
महिला के बेटे मुकेश के मुताबिक रामराज उसका सौतेला पिता है। कंधरपुर निवासी पिता राम प्रकाश की मौत के बाद उसकी मां नीतू देवी (38) ने रामराज से दूसरी शादी की थी। शादी के बाद दोनों रामराज के साथ उसके गांव पखरामऊ में रहने लगे। मुकेश ने बताया कि रामराज शराब का आदी है।
रात में वह नशे में धुत होकर घर आया। किसी बात को लेकर मां से झगड़ा करने लगा। दोनों में कहासुनी होने लगी। इसी बीच रामराज ने उसकी मां की पिटाई शुरू कर दी। वह कुछ कर पाता, इससे पहले ही आरोपी मां के शरीर पर केरोसिन छिड़क कर आग लगा दी। चीखपुकार मचने पर गांव के लोग एकत्र हो गए।
ग्रामीणों ने मां के कपड़ों में लगी आग आग बुझाई। आग बुझाने में मुकेश के हाथ भी झुलस गए। घटना के बाद परिवारीजनों ने मां-बेटे दोनों को सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी में डॉक्टर ने बेटे का प्राथमिक उपचार किया, जबकि मां की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल भेज दिया।
उधर, थानेदार विजय प्रताप के मुताबिक बेटे की तहरीर पर महिला के पति रामराज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।