क्षेत्र में सक्रिय चोरों ने गुरुवार रात एक दुकान व एक घर को निशाना बनाया। उक्त स्थानों से चोर जेवरात व नगदी उठा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है।
क्षेत्र में गुंदापुर मजरे धुराई निवासी कमलेश कुमार के घर में गुरुवार रात छत के रास्ते चोर दाखिल हो गए। गैलरी के दरवाजे को अंदर से बंद करने के बाद चोरों ने कमरों के ताले तोड़ डाले।
बक्सों में रखे 29 हजार 500 रुपये, सोने-चांदी के जेवरात सहित एक लाख से अधिक का माल उठा ले गए। दूसरी घटना में इसी गांव के शिवदयाल तिवारी की दुकान में हुई जिसका ताला तोड़कर चोर डेढ़ हजार रुपये व अन्य समान उठा ले गए।
सुबह चोरियों की जानकारी मिलने पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। एसओ खीरों अमर सिंह रघुवंशी ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। केस दर्ज कर खुलासा किया जाएगा।