दुकान बंद करके साइकिल से घर लौट रहा सराफा व्यवसायी सोमवार देर शाम लूट का शिकार हो गया। बाइक सवार लुटेरों ने सराफा व्यवसायी के सिर पर तमंचे की बट से हमलाकर घायल कर दिया। लुटेरे जेवरात व नकदी समेत लाखों का माल लूट ले गए। सूचना मिलने पर परिवारीजन लोगों की मदद से उसे सीएचसी लाए। जहां हालत गंभीर होने पर व्यवसायी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रघुनाथगंज मजरे खजूरगांव निवासी विनोद कुमार सोनी (22) पुत्र राकेश सोनी की सराफा की दुकान सरेनी थाना क्षेत्र के गंगागंज बाजार में है। सोमवार देर शाम सात बजे वह दुकान बंद करके साइकिल से घर के लिए निकले थे। जैसे ही वह यदुनाथ सिंह का पुरवा गांव के निकट पहुंचे, तभी पीछे से आए बाइक सवार तीन लुटेरों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। जब वह नहीं रुके तो लुटेरों ने तमंचे की बट से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर गए।
व्यवसायी ने बताया कि लुटेरे जेवरात व रुपये से भरा थैला लूटकर ले जाने लगे तो उन्होंने मदद के लिए मोबाइल से परिवारीजनों को सूचना देने की कोशिश की। लुटेरे उसका मोबाइल भी लेकर भाग खड़े हुए। घायल व्यवसायी ने बताया कि थैले में रुपये सहित करीब छह लाख रुपये के जेवरात थे।
लुटेरे वापस गंगागंज की ओर भाग खड़े हुए। लोगों की मदद से उन्होंने परिवारीजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिवारीजन उन्हें सीएचसी लाए। जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पड़ताल की जा रही है।