डीह ब्लॉक के कंचनावां गांव में शनिवार को कोटा चयन के दौरान खूब हंगामा हुआ। समर्थकों के बीच में गालीगलौज और हाथापाई तक हो गई। हालत बेकाबू देख पुलिस ने लाठी पटककर उपद्रवियाें को खदेड़ा।
सुबह गांव में सार्वजनिक वितरण प्रणाली दुकान चयन के लिए खुली बैठक हुई। सहायक विकास अधिकारी बद्री प्रसाद मिश्र व ग्राम विकास अधिकारी अविनाश सोनकर की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई।
गांव के सच्चेलाल और शिवमोहन ने कोटा के लिए दावेदारी की। दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनने पर मतदान कराया गया। शिवमोहन पक्ष के लोगाें की गिनती शुरू हुई, तभी दूसरे पक्ष के समर्थकों ने भेदभाव का आरोप लगाया। साथ ही दूसरे गांव के लोगों के भी शामिल होने का आरोप लगाया।
इस पर दोनों पक्ष भिड़ गए। हाथापाई के साथ ही हंगामा करने लगे। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठी फटकारकर हंगामा करने वालों को खदेड़ा। दोनों पक्षों की सहमति के बाद गिनती कराई गई।
इसमें शिवमोहन को 582 मत, जबकि दूसरे पक्ष के सच्चेलाल को 474 मत मिले। सहायक विकास अधिकारी बद्री प्रसाद मिश्र ने बताया कि शिवमोहन को कचनावां गांव का कोटेदार पद पर चयन किया गया है।