दोस्त से करवाया था पत्नी को फिरौती के लिए फोन
- फोटो : demo
झांसी। बस मालिक कुलदीप के कथित अपहरण मामले में पुलिस ने उसके दोस्त को हिरासत में ले लिया है। उसके कब्जे से वह मोबाइल मिल गया है, जिससे फिरौती के लिए फोन किया था। कुलदीप ने इसी दोस्त से अपनी पत्नी को फिरौती के लिए फोन करवाया था। कुलदीप महिला रिश्तेदार के घर ठहरा था लेकिन पुलिस पहुंचने के पहले ही भाग निकला। पुलिस उस महिला से पूछताछ कर रही है।
पुलिस जांच में साफ हो गया है कि श्याम चौपड़ा निवासी रिटायर्ड सिपाही देवी सिंह के पुत्र बस मालिक कुलदीप ने अपने अपहरण की साजिश रची थी। कुलदीप टीकमगढ़ में महिला रिश्तेदार के घर पर छिप गया था। पुलिस पहुंचने से पहले ही वह भाग निकला। दूसरे दिन कुलदीप की लोकेशन टीकमगढ़ के एक होटल में मिली लेकिन वहां भी पुलिस पहंचने से पहले ही वह चंपत हो गया। पुलिस ने उसके दोस्त को हिरासत में लिया है। उसने पुलिस को बताया कुलदीप सीधे उसके घर पर आकर ठहरा था। कुलदीप के कहने पर उसने ही फोन करके 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। उसकी मां को पता चला कि पुलिस को भनक लग गई तो उसने उसे वहां से चलता कर दिया। इसके बाद वे दोनों एक होटल में जाकर रुक गए लेकिन पुलिस वहां पहुंच गई और उसे पकड़ लिया। इसके पहले कुलदीप वहां से खिसक गया था। नवाबाद थानाध्यक्ष बीएस यादव ने बताया कि कुलदीप ने अपने दोस्त से पत्नी को फोन करवाकर फिरौती की मांग की थी। उसके दोस्त को हिरासत में ले लिया गया है।