पुलिस गिरफ्त में हत्या आरोपी नन्हें खान
- फोटो : अमर उजाला
सलोन कोतवाली क्षेत्र में ढाई माह पहले हुई सजेदा की हत्या का रविवार को खुलासे का दावा करते हुए पुलिस ने मृतका के भतीजे नन्हें खां को गिरफ्तार किया है। पुलिस की मानें तो मकान के लालच में उसने चाची की हत्या कर दी थी। इसके बाद खुद ही हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह कर रहा था।
जगतपुर रोड कटेह भट्ठे के पास की रहने वाली सजेदा पत्नी स्व. हलीम खां की 24 अप्रैल 2016 की हत्या कर दी गई थी। मृतका के भतीजे नन्हे खाँ पुत्र गुलजार खाँ निवासी कटेह ने सलोन कोतवाली में हत्या की रिपोर्ट लिखाई थी। आरोप लगाया था कि उसकी चाची सजेदा तंत्रमंत्र का कार्य करती थी।
इसी वजह से अज्ञात लोगों ने उसकी हत्या कर दी। इस मामले की जांच सलोन कोतवाल अमर सिंह रघुवंशी को सौंपी गई थी। कोतवाल के मुताबिक वारदात के दौरान वादी भतीजा यह कहकर पुलिस को गुमराह कर रहा था कि उसकी चाची की मौत हार्टअटैक से हुई है।
हालांकि बाद में उसने अपने को फंसता देख एफआईआर भी लिखा दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई थी। कोतवाल ने बताया कि सोमवार को आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने वारदात का राज भी खोल दिया।
कोतवाल ने बताया कि मृतका के कोई संतान नहीं थी। जगतपुर रोड पर मृतका का मकान है, जिसकी कीमत करीब 40 लाख रुपये है। इसी मकान को कब्जाने के चलते उसने चाची की हत्या की थी।