नसीराबाद थाना क्षेत्र के पूरे लाल का पुरवा मजरे चतुरपुर गांव में पिता-पुत्र की प्रताड़ना से तंग एक किशोरी ने सोमवार को फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने जांच के बाद शव को कब्जे में लिया। इस मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। पूरे लाल का पुरवा मजरे चतुरपुर गांव निवासी किसान शिवा कोरी की बेटी रीना (16) घर पर ही रहती थी। सुबह रीना अपने भाई गोपी के घर गई। यहीं पर उसने पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे पर फांसी लगा ली।
कुछ देर बाद उसका भाई पहुंचा तो बहन का शव लटकता देख दंग रह गया। घटना की जानकारी पर आसपास के लोगों का मजमा लग गया। थानेदार राम अवतार फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की पड़ताल की। लिखापढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मृतका के पिता ने थाने में दी तहरीर में बताया कि 4 अगस्त को गांव के ही कमल उपाध्याय के बेटे विशाल ने उसकी बेटी को प्रताड़ित किया था। आए दिन किसी न किसी बात को लेकर ताने मारता था। इसी वजह से उसकी बेटी ने फांसी लगाकर जान दे दी।
थानेदार का कहना है कि कमल उपाध्याय और उसके बेटे विशाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दोनों पक्षों के बीच चार दिन पहले पानी भरने को लेकर विवाद होने की बात भी सामने आई है। सीओ सलोन अवधेश पांडेय का कहना है कि मामले में कड़ी कार्रवाई होगी।