अमेठी जिले के फुरसतगंज थाना क्षेत्र में हुई तोडफ़ोड़ व लूट की घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
अमेठी के फुरसतगंज थाना क्षेत्र में दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने गए युवक की कार में न सिर्फ तोड़फोड़ की गई, बल्कि कार में रखी सोने की चेन और 30 हजार रुपये नगद लूट लिए गए। पीड़ित ने रविवार को थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तीन नामजद समेत 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
फुरसतगंज कस्बा निवासी रामप्रकाश की बहन की शादी 23 अप्रैल को थी। फुरसतगंज का रहने वाला उसका दोस्त शरद कुमार कार से शादी में शामिल होने गया था। इसी दौरान खाना बनाने वाले कारीगरों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
इसी बात को लेकर सभी कारीगर और श्रमिक एकजुट हो गए। शरद कुमार को मारने के खोजबीन शुरू कर दी। इस पर वह अपने दोस्त रामप्रकाश के घर के अंदर चला गया। इससे नाराज होकर खाना बनाने वाले कारीगरों और श्रमिकों ने बाहर खड़ी उसकी कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
इससे अफरातफरी मच गई। घटना के बाद सभी आरोपी भाग निकले। पीड़ित ने बताया कि कार में रखी सोने की चेन और 30 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। एसओ एपी तिवारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर फुरसतगंज कस्बा निवासी मनोज कुमार, संजय, विनोद व सात अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है।