लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सोहाईबाग मजरे आलमपुर गांव में शनिवार को भूमि विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। ताबड़तोड़ फायरिंग के बीच लाठी-डंडों और धारदार हथियारों का प्रयोग हुआ। इससे नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।
घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां पांच की हालत चिंताजनक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीएचसी में घायलों के मेडिकल परीक्षण के दौरान प्रधान पति ने जमकर हंगामा किया। इस पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर मामला शांत कराया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट लिखकर एक पक्ष के दो लोगाें को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी वीरेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। एक पक्ष की सोहाईबाग निवासिनी रामावती ने बताया कि गांव के रामबिलास यादव, जयकरन यादव, शिवबहादुर यादव, रामकरन यादव, आशीष यादव उर्फ अंशु, विकास यादव, अजय उर्फ बबलू यादव व प्रधान पति वृंदावन उर्फ लालजी की शह पर आरोपियों ने तालाब की जमीन पर कब्जा कर लिया है।
जिसकी शिकायत पति रामस्वरूप और राजू ने पुलिस से की थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। शनिवार को आरोपी प्रधानपति के नेतृत्व में अपने चार अज्ञात साथियों के साथ तमंचे व धारदार हथियार से लैस होकर दरवाजे आए और गालियां देने लगे। पति और पुत्रों पर फायरिंग करने लगे। जान बचाकर जब सब लोग घर के भीतर घुस गए तो आरोपी भी घर में घुस गए और पति व पुत्र की पिटाई कर दी।
उधर दूसरे पक्ष के विकास यादव ने बताया कि गांव के रामस्वरूप सैनी, राजू सैनी, रामू सैनी, पप्पू सैनी व उनके साथी लक्ष्मीशंकर उर्फ दुलारे यादव, सुरेश कुमार उर्फ नागे घर के पास स्थित आम रास्ते पर 9 सितंबर को पक्का निर्माण कर रहे थे। जिसकी शिकायत उसने एसडीएम व पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर की थी। पुलिस ने काम बंद करवा दिया था। लेकिन आरोपी ने शनिवार को सुबह आठ बजे फिर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
जब उसने व पिता भगवानदीन ने मना किया तो राजू व लक्ष्मी शंकर ने तमंचे से फायर झोंक दिया। जबकि अन्य आरोपी गड़ासा व कांता लेकर बचाने आए लाला, गीता, रिंकी, जयबहादुर की पिटाई कर दी। दोनों पक्षों के गंभीर घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां एक पक्ष के लाला यादव, विकास यादव, जयबहादुर यादव, गीता देवी व दूसरे पक्ष के मनोज की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के घायलों को अस्पताल लाई। अस्पताल में हंगामा काट रहे लोगोें को पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर शांत किया। दोनों पक्षों से तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। एक पक्ष के दो आरोपियों रामस्वरूप माली और राजू माली को गिरफ्तार कर लिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि रास्ते को लेकर विवाद हुआ है। तहरीर के अनुसार दोनों पक्षों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
मामले की शिकायत 7 सितंबर को पुलिस से की गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्ष के लोगों को शांतिभंग की धारा में पाबंद किया था। शनिवार सुबह निर्माण कार्य शुरू होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंचे सिपाही निर्माण कार्य बंद करवा आए थे। पुलिस के वहां से निकलते ही दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
सोहाईबाग में तालाब व घूरे की जमीन के लिए जाने वाले रास्ते का विवाद कई महीने से चल रहा है। इसकी शिकायत कई बार तहसील प्रशासन से की गई। लेकिन कोई कार्रवाई न होने के कारण दोनों पक्षों में शनिवार को फायरिंग और मारपीट हो गई।