कैराना। मोहल्ला आलकलां मायापुर रोड पर छह से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाकर डकैती डाली। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए बदमाश कीमती सामना लेकर फरार हो गए। वहीं, पुलिस मामले को आपसी रंजिश बता रही है।
मोहल्ला आलकलां मायापुर रोड निवासी नवाब शुक्रवार रात्रि परिवार सहित आंगन में सोया हुआ था। रात्री करीब एक बजे छह से अधिक बदमाश मकान की दीवार फांद कर अंदर घुस गए। तमंचे के बल पर परिजनों को एक कमरे में बंद करके बाहर से ताला लगा दिया। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देकर चुप कर दिया। इसके बाद बदमाश दूसरे कमरे की अलमारी में रखे एक लाख रुपये, सोने के कुंडल, झुमकी, सोने की हसली, सोने की 3 अंगूठी व चांदी की पाजेब तथा कीमती कपडे़ लूट कर फरार हो गए। बदमाशों के चले जाने पर नवाब व उसके परिजनों द्वारा शोर मचाने पर पड़ोस के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का ताला तोड़ा और परिवार के लोगों को बाहर निकाला। बाद में नवाब ने कोतवाली में लूट की तहरीर दी।
उधर, कोतवाली प्रभारी एपी भारद्वाज ने बताया कि नवाब ने लूट में अपने ही दामाद का नाम लिया था। जिससे नवाब की दहेज उत्पीड़न के मामले में मुकदमे बाजी चल रही है। मामला आपसी रंजिश व मुकदमे बाजी का है। मामले की जांच की जा रही है।