कैशियर ने महिला को लात-घूंसों से पीट किया अधमरा
तिलोई (रायबरेली)। अमेठी के मोहनगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बैंक ऑफ बड़ौदा कोटवा शाखा के कैशियर ने विधवा महिला को लात-घूसों से पीटकर अधमरा कर दिया।
उसका कसूर सिर्फ इतना था कि लाइन में लगने के बाद भी उसे पैसे नहीं दिए गए थे। इस पर उसने नाराजगी जताई थी। उधर, सूचना पर ग्रामीण पहुंचे तो शाखा प्रबंधक ने बैंक में ताला लगवा दिया।
इस पर ग्रामीणों ने हंगामा भी किया। एसओ ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और पीड़िता को सीएचसी पहुंचाया। महिला के बेटे ने सीओ को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
मोहनगंज के आशापुर की राजकुमारी रुपये निकालने बैंक ऑफ बड़ौदा की कोटवा शाखा गई थी। 25 हजार रुपये निकालने के लिए विड्राल भरकर वह लाइन में लग गई।
उसका नंबर आया तो कैशियर सृजन कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इतना पैसा नहीं मिल पाएगा। जवाब न मिलने वह दोबारा पांच हजार रुपये का विड्राल भरवा कर लाइन में लग गई।
जब नंबर आया तो पैसा खत्म होने की बात कहकर कैशियर ने उसे वापस कर दिया। महिला नाराजगी जताते हुए बैंक से बाहर आ गई। इतने में कैशियर भी सीट छोड़कर बैंक से बाहर आया और महिला को लात-घूंसों से जमकर पीटने लगा।
इससे वहां अफरातफरी मच गई। पिटाई से महिला घायल हो गई। सूचना पर ग्राम प्रधान पति समेत काफी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच गए। सभी हंगामा करने लगे।
आरोप है कि ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही शाखा प्रबंधक राजेश पाल ने बैंक के प्रवेश द्वार पर ताला लगवा दिया, ताकि कोई अंदर न घुसने पाए।
इसी बीच खबर पाकर मोहनगंज एसओ धीरेंद्र सिंह भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसओ ने किसी तरह लोगों को शांत कराया। इस दौरान शाखा प्रबंधक समेत अन्य अधिकारी मामले में सुलह का दबाव बनाने लगे।
घायल महिला को इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया। महिला के बेटे दुर्गेश कुमार ने सीओ को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सीओ तिलोई बीनू सिंह ने बताया कि कैशियर की ओर से विधवा महिला की पिटाई किए जाने का मामला जानकारी में आया है। तहरीर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई होगी।