भदोखर थाना परिसर में प्रदर्शन करतीं ठगी की शिकार महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
भदोखर थाना क्षेत्र में सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण देने और सिलाई मशीन दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये से ज्यादा की ठगी कर ली। सेंटर बंद कर लापता महिला को मंगलवार शाम महिलाओं ने दबोच लिया।
उसे पकड़ कर न सिर्फ पुलिस को सौंप दिया, बल्कि प्रदर्शन किया। कहा कि रुपया वापस दिलाया जाए। पुलिस ने किसी तरह आक्रोशित महिलाओं को शांत कराया। सलाोन की रहने वाली कुसुमलता झकरासी ने गांव में महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई सिखाने के लिए सेंटर खोला था।
गांव की रहने वाली राजरानी, पूजा, सुनीता, लक्ष्मी, पुष्पा, प्रियंका, आशू, शांती समेत 50 महिलाओं, युवतियों ने प्रशिक्षण लिया। एक पखवारा पहले कुसुमलता ने सभी महिलाओं से सिलाई मशीन दिलाने के लिए धन उगाही कर ली। किसी से 800 तो किसी से 1000 रुपये यह वसूले।
महिलाओं का आरोप है कि एक पखवारे से कुसुमलता न तो सेंटर खोल रही न ही फोन से बात करती है। मंगलवार शाम महिलाओं ने कुसुमलता को उस समय पकड़ लिया, जब वह मुंशीगंज से सलोन जा रही थी।
सभी ने आरोपी महिला को पकड़कर भदोखर थाने ले गईं और रुपया वापस दिलाने की मांग की। इस दौरान महिलाओं ने प्रदर्शन किया। एसओ एसएन शुक्ला ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। कुसुमलता से पूछताछ की जा रही है। उससे रुपया वापस कराया जाएगा। रुपया वापस न करने पर कार्रवाई की जाएगी।