भिवानी के गांव केलंगा में अज्ञात लोगों ने एक युवक की हत्या कर दी। मृतक के गले पर रस्सी और नाक पर चोट के निशान हैं। शव के पास ही लोहे की रॉड भी बरामद हुई है। परिजनों का कहना है कि दो युवक पार्टी की बात कह कर घर से लेकर गए थे। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। अनुमान है कि हत्या रंजिशन की गई है।
बुधवार सुबह बिन्नू (30) नामक युवक का शव गांव के बाहरी हिस्से में खेत में मिला। मृतक बिन्नू के चचेरे भाई जयप्रकाश ने बताया कि उसका भाई बिन्नू खेतों में मजदूरी का काम करता था। मंगलवार रात को गांव के ही दो युवक पार्टी करने के बहाने उसे घर से लेकर चले गए। लेकिन देर रात तक वो घर नहीं लौटा तो उसे ढूंढने की कोशिश की। लेकिन आस-पास कहीं भी नहीं मिला। सुबह ढूंढने पर भाई गांव के पास ही खेतों में मृत अवस्था मेें पड़ा मिला। उसके नाक की हड्डी टूटी मिली व गले में रस्सी मिली। घटनास्थल के पास ही शराब की बोतलें व लोहे की रॉड भी बरामद हुई।
दो दिन पहले हुआ था झगड़ा
परिजनों ने बताया कि दो दिन पूर्व ही किसी बात को लेकर उसका गांव के युवकोें के साथ झगड़ा भी हुआ था। परिजनों ने मृतक की हत्या की आशंका जताई।
गांव केलंगा मर्डर मामले में मृतक के चचेरे भाई जयप्रकाश के बयान पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।
रणवीर सिंह
प्रभारी, खरक पुलिस चौकी