रायबरेली। जिले में मानकों को ताक पर रखकर संचालित 437 क्लीनिकों व पैथोलॉजी के खिलाफ शिकंजा कसने की तैयारी है।
नवीनीकरण न कराने और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से एनओसी न देने पर सीएमओ ने इन क्लीनिकों व पैथोलॉजी के संचालकों को नोटिस जारी किया है।
सभी को 15 दिन में प्रक्रिया पूरी करके रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं, ऐसा न करने पर लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी गई है।
जिले में 437 क्लीनिकें व पैथोलॉजी स्वास्थ्य विभाग में पंजीकृत है। वर्ष 2015 में शासन ने सभी क्लीनिकों व पैथोलॉजी का हर साल नवीनीकरण कराने के आदेश हैं।
इसके बाद भी संचालकों ने अब तक नवीनीकरण नहीं कराया है। कुछ संचालकों ने नवीनीकरण कराया था, लेकिन अब वह भी खत्म हो गया है।
आदेश के बाद भी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से एनओसी लेकर भी संचालकों ने स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध नहीं कराया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने 437 क्लीनिकों व पैथोलॉजी के संचालकों को नोटिस देकर क्लीनिकों व पैथालॉजी का नवीनीकरण कराने के साथ ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से एनओएसी लेकर उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं। ऐसा न करने पर पंजीयन व लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी गई है। नोटिस जारी होने के बाद संचालकों में हड़कंप मच गया है।