रायबरेली। रामदेव पाल भाजपा के जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। जबकि दिलीप यादव को पद से हटा दिया गया है। कहा जा रहा है कि दिलीप के जिलाध्यक्ष बनने के बाद से ही पार्टी पदाधिकारियों के बीच अंदर ही अंदर खींचतान चल रही थी। रामदेव को जिलाध्यक्ष बनाकर एक बार फिर भाजपा ने पिछड़ा वर्ग कार्ड खेला है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने रामदेव पाल को नया जिलाध्यक्ष बनाते हुए इसका आदेश पार्टी कार्यालय भेज दिया है।
नए जिलाध्यक्ष के चयन के बाद अब कार्यकारिणी का विस्तार भी जल्द किया जाएगा। नए जिलाध्यक्ष का कहना है कि लोकसभा चुनाव में इस बार रायबरेली में भी भाजपा जीतेगी।
इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। रामदेव पाल लालगंज तहसील क्षेत्र के दतौली गांव के रहने वाले हैं। जिलाध्यक्ष का कहना है कि संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में और बेहतर कदम उठाए जाएंगे, ताकि 2019 में सार्थक परिणाम मिल सके।