बेटी की चौथी लेने आए परिवारीजनों पर हमला
जगतपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में शादी के बाद चौथी लेने आए परिवारीजनों और रिश्तेदारों पर कुछ हमलावरों ने हमला कर दिया।
ग्रामीणों के हस्तक्षेप पर हमलावर भाग निकले। इसमें कोई घायल नहीं हुआ। बताते हैं कि शादी में जनातियों और बारातियों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी वजह से बाराती पक्ष के लोग नाराज थे। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के डगरी गांव निवासी लक्ष्मण ने जगतपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी की शादी 27 जून को थी।
वह बेटी की चौथी लेने उसकी ससुराल पूरे जसवंत थाना जगतपुर लेने आया था। इसी दौरान कुछ अराजक तत्वों ने उसे और उसके रिश्तेदारों को लाठी डंडा लेकर दौड़ा लिया।
किसी तरह लोगों ने घर में घुसकर जान बचाई। पीड़ित लक्ष्मण ने बताया कि बारात में बारातियों ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया था। कुर्सियां, चारपाई, पंडाल सहित अन्य सामान तोड़ दिया था।
इसी बात को लेकर घराती और बारातियों में कहासुनी हुई थी। इसी बात की खुन्नस से बारात में तोड़फोड़ करने वालों ने हमला किया। एसओ बृजमोहन सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।