भूखंड को लेकर मारपीट, वाहनों में तोड़फोड़, ट्रेनी दरोगा व फौजी घायल
महराजगंज (रायबरेली)। कस्बे के मुख्य चौराहे स्थित एक कीमती भूखंड को लेकर रविवार शाम दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए।
मारपीट में लखनऊ में तैनात एक ट्रेनी दरोगा व एक फौजी घायल हो गए। हालांकि किसी भी पक्ष में अभी तहरीर नहीं दी है।
घटना के बाद से दोनों पक्ष के लोग फरार हैं। बताया जाता है कि ट्रेनी दरोगा ने रिवॉल्वर से हवाई फायरिंग भी की, लेकिन पुलिस इससे इन्कार कर रही है।
महाराजगंज तहसील के ठीक सामने स्थित भूखंड को लेकर जमुना प्रसाद और राम प्रसाद के बीच दीवानी कचहरी में मुकदमा विचाराधीन है।
इसमें तीसरे पक्ष के दीपक चौरसिया के पिता स्व. अशोक चौरसिया ने इसी भूखंड को अपने नाम सरकारी अभिलेखों में दाखिल खारिज करा लिया था, जिसका मुकदमा भी चल रहा है।
बताते हैं कि विवादित भूखंड की जमीन पर जमुना प्रसाद की बहू ललिता देवी ने कुछ गुमटियां किराए पर रखवा दी। रविवार को दो लग्जरी वाहनों पर सवार दो दर्जन से ज्यादा लोग आए।
इन लोगों ने दुकानदारों को जमीन खाली करने को कहा। यह बात ललिता देवी के समर्थकों को पता चली तो उस पक्ष के लोग भी आ गए।
देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। बताया जाता है कि जमीन खाली कराने आए लोगों में लखनऊ में तैनात एक ट्रेनी दरोगा और एक फौजी भी शामिल है, मारपीट में इन दोनों को चोटें भी आईं।
ट्रेनी दरोगा ने रिवॉल्वर से हवाई फायरिंग भी की, जिससे काफी देर तक अफरातफरी मच गई। कोतवाल राकेश सिंह ने बताया कि किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी।