रायबरेली। मंडल रेल प्रबंधक सुरेश कुमार सपरा ने मंडलीय अधिकारियों के साथ मंगलवार को रघुराज सिंह, लालगंज और दरियापुर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। जबकि अन्य रेलवे स्टेशनों पर वह ट्रेन से नहीं उतरे। उन्होंने रेलवे ट्रैक का बराबर निरीक्षण करते रहने और रेल पथ के किनारे अतिक्रमण हटवाने का निर्देश दिया।
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में संरक्षित तथा सुरक्षित रेल परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं और अन्य कार्यों का निरीक्षण करने डीआरएम ने कानपुर पुल बायां किनारा से निरीक्षण शुरू किया।
वे लालगंज-दरियापुर-ऊंचाहार के रास्ते प्रतापगढ़ तक गए। इस जिले में रघुराज सिंह, लालगंज और दारियापुर स्टेशनों पर वह ट्रेन से उतरे और निरीक्षण किया।
डलमऊ, ऊंचाहार समेत कई छोटे स्टेशनों पर वह ट्रेन से नहीं उतरे। जिन स्टेशनों पर डीआरएम उतरे, वहां संरक्षा तथा रेल संचालन से जुड़े कार्यालयों एवं स्थलों का अवलोकन किया।
डीआरएम ने रघुराज सिंह स्टेशन पर यात्रियों से संवाद स्थापित किया। लालगंज स्टेशन पर स्थानीय व्यापारियों से भेंट की। व्यापारियों ने समस्याएं गिनाईं तो डीआरएम ने शीघ्र निवारण का आश्वासन दिया।
लालगंज और दरियापुर में समपार गेट का निरीक्षण भी किया। डीआरएम ने संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलपथों के निकट अतिक्रमण हटाने के प्रयास करने का सुझाव दिया।
ट्रैकों का नियमित रूप से सघन निरीक्षण करते हुए अवांछित तत्वों के ट्रैकों पर आवागमन को पूरी तरह रोकने तथा रेल पथों में आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने निगरानी के लिए नियमित गश्त करने की बात कही।