रायबरेली। चौथे चरण में होने वाले मतदान को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इस बार बूथों की जिम्मेदारी अर्द्धसैनिक बल के जवानों के पास होगी, जबकि बाहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस जवानों के पास रहेगी। इसके अलावा पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की पल-पल की खबर लेते रहेंगे।
पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि 23 फरवरी को होने वाले मतदान को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त रहेगी। बूथों की सुरक्षा की जिम्मेदारी अर्द्धसैनिक बल के पास होगी।
बीएसएफ और पैरामिलिट्री फोर्स की 74 कंपनी यहां पर आईं हैं। एक कंपनी में 100 जवान शामिल हैं। इन सभी जवानों को बूथों पर सकुशल तरीके से चुनाव कराने की जिम्मेदारी दी गई है। बूथों पर चार हजार दरोगा-इंस्पेक्टर, 4500 आरक्षी-मुख्य आरक्षी, चार हजार होमगार्ड तैनात किए गए हैं।
रिजर्व में रखे गए एक हजार पुलिस जवान
सकुशल चुनाव कराने के लिए पुुलिस महकमा किसी तरह की चूक नहीं चाहता है। यही वजह है कि दरोगा, इंस्पेक्टर, आरक्षी, मुुख्य आरक्षी समेत एक हजार पुलिस कर्मियों को रिजर्व में रखा गया है। यदि कहीं पर जरूरत पड़ती है तो इन पुलिस कर्मियों की भी मदद ली जाएगी।
प्रत्येक थानों पर दो-दो क्यूआरटी टीमें
जिले के 19 थानों पर क्यूूआरटी टीमें तैनात कर दी गईं हैं। कहीं पर चुनाव में गड़बड़ी होने पर तत्काल क्यूआरटी टीमें मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेंगी। एसपी ने बताया कि प्रत्येक थाने पर दो-दो क्यूआरटी टीमें बनाई गईं हैं। कहीं पर किसी विवाद या फिर चुनाव में गड़बड़ी की सूचना पर क्यूआरटी टीमें मौके पर पहुंचेंगी।
34 जगहों पर बनाए गए पुलिस बैरियर
लखनऊ, प्रतापगढ़, अमेठी, बाराबंकी, फतेहपुर, उन्नाव जिले से जुड़ी सीमा पर 34 पुलिस बैरियर बनाए गए हैं। इन पुलिस बैरियरों पर आने-जाने वाले लोगों की चेकिंग कराई जा रही है। एसपी का कहना है कि मतदान वाले दिन चेकिंग करने के बाद ही बाहरी लोगों को जिले के अंदर इंट्री दी जाएगी। चुनाव में गड़बड़ी और माहौल खराब करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।