रायबरेली। लालगंज विकास क्षेत्र के जिस प्राथमिक विद्यालय चचिहा में टीसी निर्गत न करने, एमडीएम न बनवाए जाने के मामले को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों ने ताला लगाकर प्रदर्शन किया था। उस विद्यालय की वरिष्ठ सहायक अध्यापिका को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही नगर क्षेत्र एवं राही के खंड शिक्षा अधिकारी को जांच अधिकारी नामित किया।
बीएसए ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी लालगंज ने अवगत कराया था कि प्राथमिक विद्यालय चचिहा में कार्यरत प्रधानाध्यापक अमर बहादुर मार्च 2021 में सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
विद्यालय में तीन सहायक अध्यापक बीनू परिहार, सरफराज अहमद और मोनिका दीक्षित कार्यरत हैं। इनमें से बीनू परिहार सबसे वरिष्ठ हैं। इस पर बीनू को विद्यालय का प्रभार प्राप्त करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उन्होंने विद्यालय का प्रभार नहीं लिया और न ही कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण दिया। कक्षा पांच उत्तीर्ण कर चुके छात्रों की टीसी भी निर्गत नहीं की गई, जिससे ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है।
बीएसए ने बताया कि मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय एवं बीईो खीरों को सौंपी गई थी, जिन्होंने अपनी आख्या में बताया कि 30 सितंबर को ग्रामीणों ने ताला लगा दिया था।
अभिभावक टीसी निर्गत किए जाने की मांग कर रहे थे। एमडीएम के प्राधिकार पत्र भी नहीं दिए गए थे। एमडीएम नहीं बन रहा था। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर ताला स्कूल का खुलवाया गया। टीसी निर्गत करने के लिए मोनिका को अधिकृत किया गया।
बीएसए ने बताया कि बीनू ने उच्चाधिकारियों के आदेशों की बार-बार अवहेलना करते हुए विद्यालय का प्रभार नहीं लिया। बच्चों के एमडीएम के लिए प्राधिकार पत्र न देने, एमडीएम उपलब्ध न कराने, टीसी निर्गत न करने से अभिभावकों में आक्रोश है।
बीएसए ने बताया कि वरिष्ठ सहायक अध्यापिका बीनू परिहार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए बीईओ कार्यालय लालगंज से संबद्ध किया जाता है। नगर क्षेत्र एवं राही के खंड शिक्षा अधिकारी को जांच अधिकारी नामित करते हुए जांच आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।