परशदेपुर-डीह (रायबरेली)। डीह थाना क्षेत्र के परशदेपुर-रायबरेली रोड पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, इसमें बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। गंभीर रूप से घायल को डीह अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अमेठी जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के बड़गांव मजरे कुन्नूपुर निवासी पीरगुलाम (50) दो दिन पहले रायबरेली जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के किलौली गांव रिश्तेदारी में एक शादी के कार्यक्रम में गया था। सोमवार को वह घर वापस लौट रहा था। डीह थाना क्षेत्र में किरही का नाला शिवपुर मोड़ के पास सामने से तेज रफ्तार से आ रहे बेकाबू वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अधेड़ बाइक के साथ काफी दूर तक रगड़ता चला गया। बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
परशदेपुर चौकी इंचार्ज निखिलेश कुमार, सिपाही रघुनाथ सिंह घटना स्थल पर पहुंचकर घायल व्यक्ति को डीह पीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी हसीनाबानो समेत अन्य परिवारीजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी सहित चार बच्चे छोड़ गया। परशदेपुर चौकी इंचार्ज निखिलेश कुमार ने बताया की शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।