हरचंदपुर (रायबरेली)। शपथ ग्रहण के बाद सोमवार को क्षेत्र पंचायत हरचंदपुर की बैठक हुई। इसमें करीब दो करोड़ से कराए जाने वाले विकास कार्य की तैयार कार्ययोजना को अमल में लाने पर सहमति बनी।
विधायक राकेश सिंह ने सभी जन प्रतिनिधियों से गांव के विकास के लिए प्रस्ताव मांगते हुए कहा कि आपसी मतभेद भुलाकर सभी को जनहित में एक साथ मिलजुल कर कार्य करना चाहिए। बैठक में विद्युत व जल निगम का कोई प्रतिनिधि मौजूद न होने पर सदस्यों ने गहरा रोष भी जताया।
ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख पीयूष प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई क्षेत्र पंचायत की बैठक में कहा गया कि जिन स्थानों पर पेयजल की समस्या है, वहां के जनप्रतिनिधि प्राथमिकता के आधार पर हैंडपंप लगाए जाने के लिए प्रस्ताव उपलब्ध कराएं। सोलर लाइट लगाने की सूची भी उपलब्ध करवाई जाए।
इस मौके पर विधायक ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र पंचायत के साथ ही विधायक निधि से भी पूरे इलाके में विकास कार्य कराए जाएंगे। बीडीओ राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि क्षेत्र पंचायत निधि में 1.56 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं। इसी एवज में दो करोड़ की कार्ययोजना तैयार किए जाने का निर्णय लिया गया है।
सभी जनप्रतिनिधियों से कार्यों के प्रस्ताव मांगे गए हैं। जल्द ही कार्ययोजना तैयार कराकर विकास कार्य आरंभ कराए जाएंगे। बैठक में मुकेश सिंह, दीपू सिंह, कंहैया सिंह, सुंदर लाल, राम बहादुर यादव, रामू आदि मौजूद रहे।