अमावां (रायबरेली)। मिल एरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार को मधुमक्खियों ने हमला बोलकर एक ही परिवार के सात लोगों को जख्मी कर दिया।
यही नहीं मधुमक्खियों ने घर के पास बंधे मवेशियों को भी काटा। मधुमक्खियों के हमले में घायल लोगों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया।
बंदरामऊ गांव निवासी रामकिशोर का परिवार दोपहर के समय घर के बाहर बैठा था। तभी घर के बाहर एक पेड़ में मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ था।
बाहर खेल रहे कुछ शरारती बच्चों ने मधुमक्खियों के छत्ते पर पत्थरबाजी कर दी, जिससे मधुमक्खियां भड़क गईं। मधुमक्खियों ने राम किशोर के परिवार को निशाना बनाते हुुए हमला बोल दिया।
हमले में पुष्पेंद्र कुमार (26), रामनरेश (32), सचिन कुमार (14), गंगादेई (35), शालू (18), और नीलू (15), फूल दुुलारी (32) घायल हुईं। मधुमक्खियों ने घर के बाहर बंधे छह मवेशियों को भी जमकर काटा। ग्रामीणों ने किसी तरह परिवार को बचाकर अस्पताल पहुंचाकर इलाज कराया।