खीरों (रायबरेली)। सीडीओ ईशा प्रिया ने शनिवार को शाम खीरों ब्लॉक का निरीक्षण किया। एडीओ एमआई के कई दिनों से गैरहाजिर मिलने पर वेतन रोकते हुए जवाब तलब किया।
एडीओ (पंचायत) कार्यालय में कार्यों की स्वीकृति के साथ ही अन्य रजिस्टरों के न मिलने पर कड़ी फटकार लगाते हुए डीपीआरओ व बीडीओ को चेतावनी जारी करते हुए एडीओ पंचायत के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए।
शनिवार शाम 4.15 बजे ब्लॉक पहुंचते ही सीडीओ ने सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर को चेक किया। जेई एमआई आशीष श्रीवास्तव के चार दिन से गैरहाजिर मिलने पर वेतन रोकते हुए जवाब तलब किया।
एडीओ पंचायत कार्यालय के निरीक्षण के दौरान दो लाख से अधिक कार्यों की स्वीकृति के संबंध में एडीओ से रजिस्टर मांगा लेकिन वह नहीं दिखा पाए। अन्य रजिस्टर भी वे नहीं दिखा पाए। एडीओ कार्यालय में सीडीओ को पत्रावलियों का रखरखाव भी ठीक नहीं मिला।
एडीओ कमलेश श्रीवास्तव ने सीडीओ को बताया कि पुराने एडीओ विनय निर्मल रजिस्टर उठा ले गए हैं। मामले में सीडीओ ने डीपीआरओ उमाशंकर मिश्रा और खीरों बीडीओ केके सिंह को चेतावनी पत्र जारी करने के साथ ही एडीओ के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के आदेश दिए।
उन्होंने समूहों के बारे में जानकारी भी ली। कुसुंडी प्रधान पूजा मिश्रा ने सीडीओ से सादुल्लापुर मार्ग के डामरीकरण की मांग की। इस मौके पर डीडीओ एसएन चौरसिया, केबी सिंह आदि मौजूद रहे।