रायबरेली। पुलिस लाइंस के सभागार में शनिवार रात करीब तीन घंटे तक चली अपराध समीक्षा बैठक में थानों पर कराए जा रहे बैरक-हॉस्टल के निर्माण कार्य का मुद्दा उठा। एसपी श्लोक कुमार ने थानेदारों को हिदायत दी गई कि उनके थानों पर जो निर्माण कार्य चल रहे हैं, उसका हर दिन निरीक्षण किया जाए। यदि काम में गड़बड़ी है तो उसकी रिपोर्ट दी जाए।
मौजूदा समय में जिले के 19 थानों पर करीब छह अरब से बैरक व हॉस्टल का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में मानक का ध्यान नहीं दिया जा रहा। कार्यदायी संस्था बिजली चोरी करके निर्माण कार्य करा रही है।
26 जुलाई के अंक में अमर उजाला ने इस मसले को प्रमुखता के साथ उठाया था। एसपी ने अमर उजाला की खबर का संज्ञान लेते हुए थानेदारों को हिदायत दी। इससे पहले एसपी ने थानेवार अपराध की समीक्षा की।
कई वारदातों के खुलासा न होने पर नाराजगी जताई। एसपी ने थानेदारों से कहा कि थाने आने वाले लोगों से अच्छा बर्ताव किया जाए। भ्रष्टाचार कतई न होने पाए। यदि इस तरह की कहीं से शिकायतें आती हैं तो संबंधित थानेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने आगामी त्योहार को लेकर क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, सीओ सदर महिपाल पाठक मौजूद रहे।
समय पूरा कर चुके थानेदारों को चेतावनी
अपराध समीक्षा बैठक के दौरान एसपी ने उन थानेदारों को कड़ी चेतावनी दी, जिनका समय जिले में पूरा हो चुका है और उन्हें रिलीव किया जाना है। अमर उजाला से बातचीत में एसपी ने बताया कि जिले में समय पूरा कर चुके थानेदारों का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया। विवेचना निस्तारण में ढिलाई बरती। लगातार उनकी शिकायतें भी मिल रही हैं। सभी से कामकाज ठीक करने के लिए कहा गया है। ऐसा न होने पर जल्द उन्हें गैर जनपद रिलीव करने की चेतावनी दी गई है।
अच्छा काम करने वाले हुए सम्मानित
क्राइम मीटिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक की तरफ से विवेचना निस्तारण के लिए चलाए गए अभियान में अच्छा काम करने वाले थानेदारों को सम्मानित किया गया। एसपी ने मिल एरिया थानेदार आशुतोष त्रिपाठी, शिवगढ़ थानेदार रवींद्र सोनकर, नसीराबाद थानेदार राजकुमार पांडेय, सलोन कोतवाल पंकज त्रिपाठी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एसपी ने कहा कि अन्य थानेदार भी बेहतर कार्य करें। कार्य के प्रति ढिलाई किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।