लालगंज। कोतवाली क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पार कर रही बच्ची को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मुबारकपुर गांव निवासी संगठन प्रसाद की पांच वर्षीय बेटी निशा दरवाजे बनी सड़क को पार कर रही थी। तभी गांव के ही एक बाइक पर सवार सूरज व सत्यम ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
ग्रामीणों की मदद से बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है।