मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों के तीमारदारों के लिए प्रतीक्षालय की व्यवस्था जल्द होने जा रही है। प्राचार्य ने शासन से अनुुमति मांगी थी जिस पर शासन ने अपनी मुहर लगा दी है। पुराने भवन को तोड़ने के बाद ट्रामासेंटर के साथ ही प्रतीक्षालय का जल्द ही निर्माण शुरू हो जाएगा।
जिला और महिला अस्पताल को संयुक्त कर डॉ.सोने लाल पटेल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध कर राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय के नाम पर संचालित किया जा रहा है। पांच सौ मरीजों को भर्ती कर इलाज की व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन ओपीडी में दो से ढाई हजार के बीच मरीज इलाज कराने आते हैं।
मगर मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों के आराम के लिए प्रतीक्षालय की व्यवस्था नहीं हो सकी। इससे परेशान तीमारदार मरीजों के वार्ड में रात में मरीजों के पास ही रुकते हैं। इससे मरीज परेशान होते हैं।
इस समस्या को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.सलिल श्रीवास्तव ने अस्पताल परिसर में तीमारदारों के लिए प्रतीक्षालय बनवाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। प्राचार्य के पत्र पर शासन ने अपनी अनुमति दे दी है।