दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद में पैमाइश को लेकर दुकानों में हुई तोड़फोड़ का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि जमीन की पैमाइश न होने से नाराज एक पक्ष ने जमीन पर लगी दुकानों को हटाना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर दोनों पक्षों को शांत कराया।
सांगीपुर के घुइसरनाथ धाम मंदिर परिसर के समीप एक जमीन को लेकर दोनों पक्षों की ओर से न्यायालय में वाद भी दायर किया गया है। इस विवादित जमीन पर एक पक्ष के कुछ लोगों की दुकानें खुलवा रखी है। बुधवार को तहसील प्रशासन की ओर से इस जमीन की पैमाइश कराने की बात कही गई थी। लेकिन अफसरों के व्यस्त होने के कारण पैमाइश नहीं हो सकी।
आरोप है कि देर शाम कुंभापुर निवासी कुछ लोगों ने विवादित जमीन पर लगाई गईं दुकानों में तोड़फोड़ की। जानकारी पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत कराया। दुकानदार संतोष कुमार मिश्रा ने पीड़ित व्यापारियों के साथ सांगीपुर थाने में तहरीर दी है। सांगीपुर एसओ मनीष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। संवाद