कंधई थाने के सरसीखाम में ट्रक पलटने के बाद जुटी भीड़। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
कंधई थाना क्षेत्र के सरसीखाम में कीचड़ युक्त सड़क पर फंसने के बाद भूसी लदा ट्रक अनियंत्रित होकर चाय-पान की गुमटी पर पलट गया। उसके नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दुकानदार की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।
कंधई थाना क्षेत्र के सरसीखाम निवासी रामअवध (52) ने गांव के मुख्य मार्ग पर चाय-पान की दुकान खोल रखी है। बृहस्पतिवार की शाम उसकी दुकान पर गांव के मगन पाठक (50) और भीखम सरोज (65) चाय पीने आए थे। इस बीच बरसात होने के चलते वे दुकान पर बैठकर बातचीत करने लगे। तभी मंगरौरा से कंधई की ओर जा रहा भूसी की बोरियों से लदा ट्रक सड़क के किनारे कीचड़ में फंसकर पलट गया। तीनों लोग ट्रक के नीचे दब गए। हादसे के बाद चालक भाग निकला।
घटना देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। जिसके बाद गांव के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। आननफानन में जेसीबी बुलाकर ट्रक को उठवाया गया। जिसके बाद दबे लोगों को बाहर निकाला जा सका। तब तक मगन पाठक व भीखम सरोज की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल रामअवध को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। दो लोगों की मौत से गांव में मातम पसर गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।