जिले में बीमा कंपनी और बैंक अफसरों की साठगांठ से लाखों रुपये के गोलमाल की शिकायत के बाद पुलिस ने टाइनी शाखा संचालक को दबोच लिया। उससे पूछताछ के बाद रैकेट में शामिल लोगों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। इस मामले में महिला खाताधारक की तहरीर मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई।
कंधई थाना क्षेत्र के खभोर गांव के अधिकांश ग्राहकों का खाता चिलबिला स्थित एक बैंक शाखा में है। खभोर की रहने वाली अंजू देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि महुली में गांव के ही एक व्यक्ति ने टाइनी शाखा खोल रखी है। उसने उसके खाते में रुपये मंगाने की बात कही थी। कुछ दिनों पहले उसके खाते में दो लाख रुपये आए। जिसे निकालने के लिए टाइनी शाखा संचालक उसके घर लैपटॉप लेकर पहुंचा और आधार कार्ड लेने के बाद अंगूठा लगाने के लिए कहा।
अंगूठा लगाने से इनकार करने पर वह भड़क गया और धमकी देने लगा। बाद उसने खाते से दस हजार रुपये निकाल लिए। रुपये कहां से आए, इसके बार में जानकारी करने के लिए वह बैंक भी गई, लेकिन किसी ने कुछ नहीं बताया। चर्चा है कि गांव के कई लोगों के खाते में दो-दो लाख रुपये आए थे। जिसमें से डेढ़-डेढ़ लाख रुपये संचालक व बैंक के पूर्व प्रबंधक ने निकलवा लिया।
खाताधाराकों के खाते में केवल 50-50 हजार रुपये ही छोड़े गए। अंजू की तहरीर मिलने पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी टाइनी शाखा संचालक को दबोच लिया। उससे पूछताछ के बाद इस रैकेट में शामिल लोगों की धरपकड़ के लिए पुलिस दबिश दे रही है। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।