23 जनवरी को होने वाली टीईटी परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को परिवहन निगम की बसों पर नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। परीक्षार्थी प्रवेश पत्र दिखाकर नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगे। शासन के आदेश पर जिला विद्यालय निरीक्षक व परिवहन निगम ने आदेश जारी किया है।
23 जनवरी को होने वाली टीईटी दो पालियों में होगी। प्राथमिक स्तर की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12:30 बजे और उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम पांच बजे तक होगी। पूर्व में आयोजित परीक्षा का पेपर आउट होने पर परीक्षा निरस्त करने के बाद शासन ने परीक्षार्थियों को नि:शुल्क बस सेवा उपलब्ध कराए जाने का आदेश दिया था। अब प्रशासन ने परीक्षार्थियों को नि:शुल्क बस सेवा प्रदान करने के लिए आदेश जारी किया है।
परीक्षार्थियों को यह सुविधा 22 से 24 जनवरी तक मिलेगी। इसके लिए परीक्षार्थियों को निगम की बसों के परिचालकों केे अपना प्रवेश पत्र दिखाना होगा। डीआईओएस डॉ. सर्वदानंद ने बताया कि शासन के आदेश पर टीईटी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षार्थियों को परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है।
जिले में 41 केंद्रों पर होगी परीक्षा
टीईटी जिले में 41 केंद्रों पर होगी। सभी केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग की तरफ से स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। सचल दल लगातार भ्रमण कर परीक्षा पर नजर रखेगा। प्रथम पाली में 27 और दूसरी पाली में 14 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी।