विपक्ष के नेता ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली बीजेपी के नेता ही लडकियों का शोषण कर रहे हैं। भाजपा सरकार में जो देगा चंदा वही पाएगा धंधा, नहीं तो मिलेगा ईडी, सीबीआई का डंडा की नीति पर काम हो रहा है। चुनाव में भाजपा के मुद्दे गायब हो गए हैं। इनको गिनाने के लिए कुछ नहीं बचा है। चुनाव में मुसलमान, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और मंगलसूत्र मुद्दा बन गया है। यदि आपने काम किया है तो उसको जनता के बीच क्यों नहीं बता रहे हैं।
कहा कि प्रतापगढ़ के सांसद ने पिछले पांच सालों में क्या किया है और ढाई साल तक विधायक रहे इसमें उन्होंने क्या किया। इसे यहां की जनता के सामने रखना चाहिए। सांसद एक भी सड़क भी नहीं बनवा सके हैं। उनके घर के पीछे की सड़क भी आज तक जर्जर है। गड्ढा युक्त सड़क जिले की पहचान बन गई है। शहर के भंगवाचुंकी से चिलबिला तक की सड़क इतनी खराब है और इतना जाम लगता है कि लोग दमा के मरीज हो जा रहे हैं। यहां के लिए पास हुआ पुल विधायक और सांसद की लड़ाई में नहीं बना और पैसा वापस हो गया। चौक-घंटागर से दिलीपपुर रोड क्रासिंग पर दो घंटे तक जाम रोज लगता है।