Pratapgarh : जिंदगी की जंग हार गई दुष्कर्म पीड़िता किशोरी, एसआरएन में मौत, लहूलुहान अवस्था में मिली थी खेत में
Thu, 10 Oct 2024 06:50 PM IST
विनोद सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, लीलापुर (प्रतापगढ़)।
सार
पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में गांव के ही अनिल भूंज पुत्र कैलाश भूंज पर आरोप लगाया था कि आरोपी उसे घसीटते हुए बाजरे के खेत में ले गया था और उसके साथ जबरन दुष्कर्म करके उसके ओढ़नी से उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और उसे मरा जानकर छोड़कर चला गया था।
लीलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत में लहूलुहान और बंधक की दशा में मिली किशोरी की प्रयागराज के स्वरूपरानी अस्पताल में बृहस्पतिवार को मौत हो गई। वह छह अक्तूबर को गांव के ढनगू के बाजरे के खेत में लहूलुहान अवस्था में मिली थी। उसका हाथ पैर बांधकर दुपट्टे से गला कसा गया था। आरोपी उसे मृत समझ कर छोड़ गया था। चार दिनों तक चले उपचार के दौरान उसकी सांसें थम गईं।
विज्ञापन
पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में गांव के ही अनिल भूंज पुत्र कैलाश भूंज पर आरोप लगाया था कि आरोपी उसे घसीटते हुए बाजरे के खेत में ले गया था और उसके साथ जबरन दुष्कर्म करके उसके ओढ़नी से उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और उसे मरा जानकर छोड़कर चला गया था। बेटी के काफी देर तक घर न पहुंचने पर खोजबीन की गई। भतीजे ने खेत में जंगली जानवर के होने की आशंका पर हल्ला मचाया तो परिजन ने गांव के लोगों के साथ जैसे ही खेत में गए तो वहां का नजार देखकर दंग रह गए थे।
रिश्तेदार व गांव के लोगों के साथ दुष्कर्म पीड़िता को इलाज के लिए राजा प्रताप बहादुर अस्पताल लेकर गए जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे स्वरूपरानी के लिए रेफर कर दिया गया। छह अक्तूबर से जिंदगी और मौत से लड़ते हुए बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे आईसीयू में उसकी सांसें थम गईं। मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। सात अक्तूबर की देर शाम भागीपुर कमोरा तेजगढ़ के जंगल में पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।