लालगंज ब्लाक सभागार में क्षेत्र पंचायत की बैठक में जुटे प्रतिनिधि। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
स्थानीय विकास खंड सभागार में सोमवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक में आठ करोड़ रुपये के विकास योजनाओं को मंजूरी मिली। बैठक में मनरेगा की मजदूरी का मुद्दा भी उठा। क्षेत्र पंचायत सदस्य विकास कार्यों के लिए अपना प्रस्ताव दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमुख इंजीनियर अमित प्रताप सिंह पंकज ने की।
क्षेत्र पंचायत की बैठक को संबोधित करते हुए ब्लाक प्रमुख अमित प्रताप सिंह ने सदस्यों व फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण करने के लिए कर्मचारियों की विभिन्न समितियों का गठन करने का निर्णय लिया। सदस्यों को भरोसा दिलाया कि ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों में भेदभाव नहीं होगा। कुछ सदस्यों ने आपत्ति जताई कि पंचायत घरों में कनेक्शन नहीं लिया गया, फिर भी विद्युत बिल आ रहा है। इस पर एसडीओ विद्युत आशुतोष कुमार ने जांच कराने का भरोसा दिया।
वहीं मधुकरपुर प्रधान देवेंद्र सिंह ने मनरेगा में श्रमिकों के बजट कम किए जाने का मुद्दा उठाया। जिस पर अफसरों ने इस पर विचार करने की बात कही। ग्राम पंचायतों में बेहतर कार्य पर बीडीसी प्रभाकर यादव, बालेंद्र विश्वकर्मा, प्रेमा देवी, पूजा सरोज, ग्राम प्रधान रामकिंकर सरोज, विमलेश सिंह, विद्युत मिश्र, कबीर कोरी, उदयपुर समेत दो दर्जन सदस्यों को ब्लाक प्रमुख ने सम्मानित किया।
खंड विकास अधिकारी अश्वनी कुमार सोनकर ने पिछली बैठक की पुष्टि के साथ ही विस्तृत कार्ययोजना व उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। संचालन ग्राम विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश पांडेय ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ लेखाकर महेंद्र श्रीवास्तव, एडीओ पंचायतअ आद्या प्रसाद, एडीओ कोआपरेटिव कुमार नीलोत्पल, एसडीओ विद्युत आशुतोष कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।