प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर साइबर ठगों ने उनके करीबियों से रुपये मांगे। मंत्री के करीबियों ने उनको मामले की सूचना दी। जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने फर्जी फेसबुक आईडी को ब्लाक कर दिया। साइबर सेल की टीम मामले की जांच कर रही है।
जिले में लोगों की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर करीबियों से रुपये मांगने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। साइबर अपराधी कभी बीमारी से पीड़ित होने तो कभी जरूरत की बात कहते हुए रुपये की मांग कर रहे हैं। शनिवार को साइबर अपराधियों ने प्रदेश सरकार के मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह की फर्जी फेसबुक आईडी से उनके करीबियों से रुपये मांगे। रानीगंज के अजय ओझा समेत कई लोगों के पास संदेश भेजा गया।
मंत्री को रुपये की जरूरत पड़ने का संदेश मिलने पर हर कोई दंग रह गया। मंत्री के साथ रहने वाले लोगों को मामले से अवगत कराया। मंत्री की फर्जी आईडी से रुपये की मांग होने की खबर वायरल होने पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। साइबर सेल की टीम छानबीन करने में जुट गई। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि साइबर अपराधियों ने मंत्री की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर रुपये की मांग की थी। जिसे ब्लाक कर दिया गया है। साइबर सेल की टीम को मामले की छानबीन में लगाया गया है।