जेठवारा इलाके के सरियापुर स्थित मैदान से पूर्व सीएम अखिलेश यादव निर्धारित समय से करीब दस मिनट पहले ही कंधई के मंदाह में आयोजित जनसभा के लिए निकले। पूर्व सीएम जैसे ही हेलीपैड की ओर जाने लगे कि उत्साहित भीड़ पुलिस का घेरा तोड़कर हेलीपैड तक पहुंच गई। पुलिस ने फटकार लगाकर सभी को किसी तरह से हटाया।
जनसभास्थल के पास कई कुर्सियां व बैरिकेडिंग भी टूट गई थी।
कंधई के मंदाह गांव की जनसभा में पूर्व सीएम अखिलेश समय से पहले पहुंच गए थे। पूर्व सीएम ने साढ़े चार बजे जनसभा का समापन कर दिया। यहां भी जैसे ही पूर्व सीएम हेलीपैड की ओर पहुंचे तो उत्साहित कार्यकर्ता सेल्फी लेने के लिए हेलीपैड की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने सभी को रोका, जबकि अखिलेश भी सभी का अभिवादन कर दूर रहने का इशारा कर रहे थे।
बावजूद इसके कोई मानने के लिए तैयार नहीं था। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर कुछ कार्यकर्ताओं को पीटा तो भीड़ हेलीपैड से दूर हो गई। हेलीकॉप्टर के पायलट ने पूर्व सीएम को सूचना देकर बताया कि प्रयागराज क्षेत्र में वीआईपी मूवमेंट की वजह से उड़ान भरने को रोका गया है। इससे करीब एक घंटे तक पूर्व सीएम हेलीपैड के पास टहलकर भीड़ का अभिवादन करते रहे।
उत्साहित कार्यकर्ता पूर्व सीएम को देख हेलीपैड तक आ रहे थे। इस पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया था। प्रयागराज क्षेत्र में कई वीआईपी उड़ान की सूचना के बाद पूर्व सीएम के हेलीकॉप्टर को करीब एक घंटे तक उड़ने की इजाजत नहीं मिली थी। इरशाद सिद्दीकी, जिला उपाध्यक्ष, सपा