संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के कोटा भवानीगंज गांव में सरसों के खेत में बीते 16 मार्च की सुबह बोरी में भरा अज्ञात महिला का शव मिला था। संग्रामगढ़ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की शिनाख्त कराने के लिए पुलिस प्रयास कर रही थी। शुक्रवार की सुबह थानाध्यक्ष को मुखबिर से सूचना मिली कि महिला की हत्या करने वाला युवक लखपेड़ा इंटर कॉलेज के पास खड़ा है। सूचना पर वह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसओ को देखकर एक युवक भागने लगा।
इस पर साथ रहे पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि मृतका पूजा पटेल (30) की शादी पूरे भाना थाना अंतू निवासी राम शिरोमणि के साथ हुई थी। शादी के बाद पति-पत्नी में विवाद के चलते अलगाव हो गया। इस पर मृतका अपने पिता राममिलन वर्मा निवासी मठिया के घर अपनी पांच वर्षीय बेटी के साथ रहने लगी। मृतका के पिता राजमिस्त्री का काम करते थे।
उनके साथ अंतू थाना क्षेत्र के बहेरा गांव निवासी राजू हरिजन भी राजमिस्त्री का काम करता था। घर आने जाने के दौरान राजू से मृतका का संबंध हो गया। पंचायत भवन में दोनों पति-पत्नी की तरह रहते थे। राजू ने बताया कि मृतका पूजा उसके ऊपर लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी और वह पहले से ही शादीशुदा और 4 बच्चों का पिता है। उसके दबाव को देखते हुए उसने उसे रास्ते से हटाने की योजना बना डाली और उसे खाने में जहर दे दिया।
मौत होने के बाद शव बोरे में भरकर सरसों के खेत में फेंककर फरार हो गया था। आज वह ठेकेदार के दबाव पर फिर से काम करने के लिए टांडा गांव जा रहा था। तभी पकड़ लिया गया। पुलिस ने मृतका के पिता राममिलन वर्मा निवासी मठिया थाना अंतू की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या, साक्ष्य छिपाने सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज लिया। आरोपी को जेल भेज दिया गया।