नगर कोतवाली के बेनीपुर में किशुनगंज रोड पर युवक का शव रखकर जाम लगाये परिजन। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
प्रयागराज- अयोध्या राजमार्ग पर नगर कोतवाली के सरायसागर के पास रविवार भोर में मोरंग लादकर जा रहे चालक ने ट्रक खड़ा कर पेशाब करने लगा। तभी जबलपुर से हरी मटर लादकर अयोध्या जा रहा मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में पीछे से घुस गया। जिसे कलीम (38) निवासी रेऊर थाना कूड़ेभार सुलतानपुर चला रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि मिनी ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे।
इस बीच काली स्कार्पियो से पहुंचे लोग ट्रक चालक को लेकर भाग निकले। आसपास के लोगों ने ट्रकों के बीच फंसे चालक कलीम को बचाने का प्रयास किया मगर तब तक देर हो चुकी थी। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त मिनी ट्रक की केबिन को तुड़वाकर मृतक चालक कलीम को बाहर निकाला। सूचना मिलने के बाद चालक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। शव देखते ही भाई अरश्लीन बिलख पड़ा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मर गई संवेदना, लूट ले गए मिनी ट्रक पर लदी मटर
नगर कोतवाली के सरायसागर के करीब हादसे के बाद पहुंचे लोगों की संवेदना मर चुकी थी। घटना के बाद कुछ लोग मिनी ट्रक पर लदी हरी मटर की लूट करते रहे। यहां तक कि कुछ लोगों ने पिकअप पर मटर की बोरियां लाद ली। दो डाला मैजिक से 24 बोरियां मटर भी लाद ले गए। इस दौरान कुछ बोरियां नीचे गिर गई।
जिसे उठाने की जहमत किसी ने नहीं की। संवेदनशून्य लोगों ने मटर चोरी के बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस की मदद का दिखावा भी करते रहे। पुलिसकर्मियों ने सड़क पर गिरी बोरियों को उठाकर रखा। बाद में ट्रक को कब्जे में ले लिया। फिलहाल संवेदनशून्य हो चुके लोगों की करतूत से इंसानियत शर्मसार हो उठी।
यातायात माह के दौरान सड़क हादसों को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना भी लगाया गया। हादसों को रोकने के लिए प्रयास जारी रहेगा।
अभय पांडेय, सीओ सिटी