प्लाई लादकर भदोही जा रही लोडर मैजिक में सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दिया। जिसमे मैजिक मालिक की मौत हो गई और ड्राइवर की हालत गंभीर बनी है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। बीच सड़क पर दुर्घटना होने से काफी देर तक आवागमन बाधित रहा।
लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के सिसैंडी निवासी रामू (32) ने मैजिक लोडर खरीदी थी। मैजिक मोहनलालगंज थाना क्षेत्र का उत्तर गांव भीलमपुर निवासी सुरेन्द्र कुमार (30) चलाता है। बृहस्पतिवार की रात दोनों लखनऊ से प्लाई लादकर भदोही जा रहे थे। शुक्रवार भोर में मानिकपुर इलाके में तिवारीपुर गांव के पास मैजिक की सामने से आ रहे ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। इसमें मैजिक के परखच्चे उड़ गए। चालक और मालिक वाहन में फंस गए।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। कुछ देर में पहुंची पुलिस ने मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़कर वाहन में फंसे मालिक व चालक को किसी तरह बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद भी दोनों की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने एसआरएन रेफर कर दिया। इलाज शुरू होने के थोड़ी देर बाद ही मैजिक मालिक रामू की मौत हो गई। जबकि ड्राइवर सुरेंद्र की हालत गंभीर बनी है।