संदिग्ध हालत में युवक का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिलने पर हड़कंप मच गया। जानकारी पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। उदयपुर थाना क्षेत्र के उमरार निवासी रामजस रजक (40) शुक्रवार को दोपहर घर में अकेले था। उसकी पत्नी मायके गई थी और बेटा कहीं मजदूरी करने गया था। दोपहर बाद रामजस घर से बाहर निकला और फिर से अंदर जाकर दरवाजा भीतर से बंद कर दिया। इसके बाद फांसी लगाकर जान दे दी।
कुछ देर बाद पड़ोसी किसी काम से रामजस को बुलाने लगा, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुल सका। अनहोनी की आशंका पर पड़ोसी ने दीवाल में बने एक छेद से अंदर झांक कर देखा तो रामजस का शव फांसी के फंदे पर लटकता देख उसके होश उड़ गए।
घटना की जानकारी पर उदयपुर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उदयपुर एसओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह साफ हो जाएगी।