अंतू पुलिस द्वारा अवैध शराब के साथ गिरफ्तार आरोपी। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
अंग्रेजी शराब की दुकान में अलग-अलग कंपनी की शराब की बोतलों को खोलकर पानी मिला रहे दो सेल्समैनों को पुलिस व आबकारी विभाग की टीम ने रंगे हाथ दबोच लिया। मामले में ठेकेदार समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
अंतू इलाके के किठावर बाजार स्थित धीरेंद्र प्रताप सिंह की अंग्रेजी शराब की दुकान में बृहस्पतिवार की रात आबकारी विभाग व सीओ सिटी ने छापा मारा। दुकान के भीतर सेल्समैन ज्योति प्रकाश जायसवाल निवासी डेरवा जेठवारा और रोहित सिंह निवासी उमरी जेठवारा शराब की सीलबंद बोतलों को खोलकर उनमें पानी मिला रहे थे। पुलिस ने दोनों को रंगे हाथों दबोच लिया। दुकान के भीतर शराब की खाली बोतलों में पानी के सहारे शराब मिलाकर पैकिंग की जा रही थी।
गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। इस मामले में जांच के बाद पुलिस ने ठेकेदार धीरेंद्र, रोहित, ज्योति प्रकाश व धीरज सहित चार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पकड़े आरोपी रोहित व ज्योति प्रकाश जायसवाल को जेल भेज दिया गया। पुलिस व आबकारी की टीम ने दुकान का लाइसेंस निरस्त करने के लिए प्रशासन के उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी है।